May 9, 2024

Today24Live

Voice Of All

तेजस्वी यादव ने जेडीयू की वर्चुअल रैली को बताया सुपर फ्लॉप, नीतीश कुमार से पूछे 10 सवाल

PATNA: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वर्चुअल रैली पर निशाना साधते हुए उसे फ्लॉप बताया। तेजस्वी यादव ने कहा कि वर्चुअल रैली में 15 हजार लोगों ने भी भाग नहीं लिया। बड़ी संख्या में डिस्लाइक किया गया। बिहार के आजतक का सबसे बड़ा सुपर-डुपर फ्लॉप रैली है। उन्होंने कहा कि मेरे सिर्फ फेसबुक पर नीतीश जी की रैली से ज्यादा लोग रोजाना जुड़ते है। आज की रैली 1 मार्च की रैली की तरह सुपर फ्लॉप रही। उन्होंने कहा कि JDU की वर्चुअल रैली तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया लेकिन मैंने 10 सवाल मुख्यमंत्री से पूछे थे लेकिन मुख्यमंत्री ने उसका जवाब नहीं दिया।

वहीं नेता प्रतिपक्ष ने नीतीश सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में लॉकडाउन सिर्फ विपक्ष के लिए है। नीतीश कुमार भले ही वर्चुअल रैली कर लें लेकिन आरजेडी वास्तविक स्थिति से उन्हें भागने नहीं देगी। तेजस्वी यादव ने शिक्षकों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शिक्षकों के नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज गायब हैं, 2 लाख से अधिक पद रिक्त हैं। अलग अलग विभागों में 4 लाख से अधिक पद रिक्त है। 15 साल में एक भी मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल का निर्माण नहीं हुआ। बिहार से पलायन लगातार जारी है।

तेजस्वी यादव ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी पर भी जमकर निशाना साधा उन्होंने कहा कि तमाम अवैध पैसों के लेनदेन का डिटेल लेकर जल्द सामने आएगा। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद स्वीकार कर लिया है कि बिहार में दलितों की हत्या सबसे ज्यादा हुई है। नौकरी देने की बात सिर्फ दलितों के लिए क्यों ? सभी जातियों के लिए समान कानून लागू हो ?

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 10 लाख लोगों को रोजगार दिए जाने के दावे का लिस्ट सरकार जारी करे। लालू यादव और मुझ पर नीतीश कुमार ने काफी बाते कही हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जितना अनुभव है, उतनी मेरी उम्र भी नही है। वो मेरे 10 सवालों का जवाब दें, साथ ही मैं उन्हें तमाम मुद्दों पर मेरे साथ डिबेट के लिए चुनौती देता हूं।

तेजस्वी यादव के नीतीश कुमार से 10 सवाल

  1. विगत 15 वर्ष के आपके कार्यकाल में बिहार में बेरोजगारी, ग़रीबी, भुखमरी और पलायन क्यों बढ़ती गयी ?
  2. बिहार में बेरोज़गारी दर 46.6% सबसे अधिक क्यों है? बिहार बेरोज़गारी का मुख्य केंद्र क्यों है?
  3. नीति आयोग के सारे सूचकांकों पर बिहार साल दर साल क्यों पिछड़ता चला गया? नीति आयोग की रिपोर्ट अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सत्तत विकास सूचकांक में बिहार अंतिम पायदान पर कैसे पहुँचा? इसका दोषी कौन?
  4. नीतीश कुमार बताएँ उनके 15 वर्ष के कार्यकाल में 20 हज़ार करोड़ से अधिक राशि के 58 घोटाले क्यों हुए? क्या आप इन घोटालों के दोषी नहीं और उस ग़बन राशि की भरपाई कैसी होगी?
  5. आपके कार्यकाल में दलितों पर अत्याचार क्यों बढ़ा? NCRB के अनुसार देश भर में दलितों पर सबसे ज्यादा क्राइम बिहार में हुए जिसका दर 40.7% है जबकि राष्ट्रीय औसत 21.8 है।
  6. केंद्र सरकार की सभी मानक संस्थाओं जैसे NCRB, नीति आयोग, NHM इत्यादि के अनुसार बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य और क़ानून व्यवस्था की स्थिति बदतर क्यों है?
  7. प्रधानमंत्री जी द्वारा घोषित तथाकथित 1.65 लाख करोड़ के पैकेज का योजनावार और विभागवार ख़र्च कितना और कहाँ हुआ? मुख्यमंत्री इसका ब्यौरा स्वयं सार्वजनिक करें?
  8. बिहार सबसे अधिक युवा आबादी वाला प्रदेश है। बिहार के युवाओं को नीतीश कुमार की रूढ़िवादी, बासी, उबाऊ और 15 वर्षों की घिसी पिटी नकारात्मक बातें नहीं चाहिए। बिहार के युवा इतिहास के बासी पन्ने नहीं बल्कि सुनहरा वर्तमान और भविष्य चाहते है। मुख्यमंत्री बताएँ कि उन्होंने 15 वर्षों में रोज़गार क्यों नहीं दिया? बिहार में उद्योग-धंधे क्यों नहीं लगाए? बिहार में नियमित बहाली क्यों नहीं की?
  9. मुख्यमंत्री बताएँ उन्होंने 2013, 2017 में बार-बार जनादेश का अपमान क्यों किया? व्यक्तिगत फ़ायदे के सिवाय उनके इन कृत्यों से बिहार को क्या फ़ायदा हुआ?? इसकी विस्तृत जानकारी बिहार को दें?
  10. बिहार जानना चाहता है कि नीतीश कुमार का नीति, नियम, नियति, सिद्धांत और विचार क्या है क्योंकि बिहार का कोई ऐसा दल नहीं जिससे अपने स्वार्थ के चलते इन्होंने समझौता कर विश्वासघात नहीं किया हो?