April 19, 2024

Today24Live

Voice Of All

गया में पुलिस की पिटाई से युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने थाने का किया घेराव, जमकर हुई फायरिंग

Gaya: गया जिले के मानपुर प्रखंड के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली मोहल्ले में बीती रात मटका फोड़ने के दौरान पुलिस की पिटाई से एक युवक की मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने घटना के विरोध में थाने का घेराव किया। जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की। मृत युवक की पहचान कुम्हार टोली निवासी बाढ़ो प्रजापत के 35 वर्षीय पुत्र राम स्वरूप प्रजापत के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। लोगों की माने तो मृतक राज मिस्त्री का काम करता था।

बताया जा रहा है कि मृतक राम स्वरूप झुमटा कार्यक्रम खत्म होने के बाद लोगों के साथ हनुमान जी के मन्दिर के पास बैठ कर बातचीत करने लगा। तभी मौके पर आई गश्ती दल में शामिल पुलिस बल ने युवकों पर लाठीचार्ज कर दिया। जिससे भगदड़ मच गयी। साथ ही युवक के साथ मारपीट की गई। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो युवक द्वारा खुद को निर्दोष बताते हुए छोड़ देने की गुहार लगाई गई। लेकिन पुलिसकर्मियों ने युवक को पटक कर उसके सीने को अपने बूटों से रौंद दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी चलते बने।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो से युवक को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी। पुलिसिया पिटाई से युवक के मौत होने की खबर आग की तरह फैल गई। जिससे स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। लोगों ने शव के साथ पुलिस थाने का घेराव कर पथराव शुरू कर दिया।

स्थिति को बेकाबू होता देख पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और एक के बाद एक सात राउंड फायरिंग की। पुलिस फायरिंग होते ही थाना का घेराव कर रहे लोग भाग खड़े हुए। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी आदित्य कुमार, एएसपी मनीष कुमार, डीएसपी घूरन मंडल, सिटी एसपी राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस के आलाधिकारी पहुंचे|। जिसके बाद मामले को शांत कराया गया।